नजीबाबाद। नजीबाबाद रोडवेज डिपो ने टनकपुर तक के लिए एक और बस सेवा शुरू की है। अब नजीबाबाद से टनकपुर के लिए दिन में दो बसों का संचालन होगा, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को राहत मिलेगी।
नई बस रोजाना सुबह 10:30 बजे नजीबाबाद बस स्टैंड से रवाना होगी। यह बस पहले हरिद्वार जाएगी, फिर नजीबाबाद से नगीना, धामपुर, अफजलगढ़, जसपुर, काशीपुर, रुद्रपुर, बनबसा होते हुए टनकपुर करीब रात 10:00 बजे पहुंचेगी। इससे पहले डिपो की ओर से सुबह 10:00 बजे सीधे टनकपुर के लिए बस का संचालन किया जा रहा है। यह बस टनकपुर रात करीब 7:30 बजे पहुंचती है। अब एक और बस शुरू होने से यात्रियों को समय के विकल्प मिलेंगे और सफर आसान होगा। लंबी दूरी के यात्रियों को बार-बार बस बदलनी नहीं पड़ेगी और समय की बचत होगी।
एसआरएम सत्यम सिसौदिया ने बताया कि यात्रियों की मांग पर टनकपुर के लिए दूसरी बस शुरू की गई है। इससे यात्रियों को सुविधा होगी और निगम के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।