बिजनौर गन्ना समिति में भाकियू अराजनैतिक की बैठक को संबोधित करते जिलाध्यक्ष नितिन सिरोही। संवाद
बिजनौर। भाकियू अराजनैतिक की शुक्रवार को मासिक बैठक के बाद बिलाई मिल को गन्ना नहीं देने के लिए 20 हजार किसानों ने शपथ पत्र प्रशासन को सौंपे। युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने कहा कि इन किसानों ने बिलाई मिल को गन्ना नहीं देने की मांग की है। मिल चलने से पहले भुगतान नहीं मिला और बिलाई मिल से इनका गन्ना न काटा गया तो किसान डीएम के घर में गन्ना भरेंगे।
बैठक में कहा कि मिल ने आठ करोड़ का शीरा और दस करोड़ की खोई बेच कर किसानों को भुगतान नहीं किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने जिला आबकारी अधिकारी को अपने बीच बैठाकर इस मामले में जवाब भी मांगा। संगठन ने कहा कि किसानों के गन्ना भुगतान के लिए निर्धारित धनराशि के उपयोग की जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही संगठन ने पेराई सत्र शुरू होने से पहले गन्ने का मूल्य 500 प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की। प्रदर्शन के बाद किसानों से एडीएम प्रशासन अंशिका दीक्षित को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
इसके अलावा दिगंबर सिंह ने कहा कि 20 अक्तूबर तक किसानों के भुगतान, गन्ना आवंटन, नकली बीज-दवाइयों के कारोबार, दैवीय आपदा से हुए नुकसान के सर्वे और तहसीलों में भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर प्रशासन ठोस कदम उठाए। इसके बाद 20 हजार किसानों से ऑनलाइन आईजीआरएस के माध्यम से शिकायतें दर्ज कराने की चेतावनी दी। पंचायत की अध्यक्षता मुखिया रामफल सिंह एवं संचालन जिला महासचिव नितेंद्र प्रधान ने किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष नितिन कुमार सिरोही, लोकेंद्र सिंह डोडवाल, दुष्यंत कुमार राणा, अजय कुमार चौहान, महबूब प्रधान, राकेश प्रधान, अरविंद राजपूत, नवबहार सिंह आदि मौजूद रहे।