बिजनौर। नजीबाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम हर्षवाड़ा बीए में भारत सरकार के अधीन शत्रु संपत्ति पर कब्जा कर निर्माण करने की डीएम से शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता ने तहसील के अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक अरोड़ा बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को शिकायती पत्र दिया। शिकायतकर्ता ने खसरा संख्या 31 की भूमि को शत्रु संपत्ति बताया है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। बताया गया कि भूमि को लेकर विवाद पहले से ही उपजिलाधिकारी न्यायालय में लंबित है। इसके बावजूद आरोप है कि अधिकारियों की मिलीभगत से बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण कार्य कराया गया और भूमि पर कब्जा दिला दिया गया। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद वहां एक सूचना पट्ट लगाकर उसे वैध दर्शाने का प्रयास किया गया, जिससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।