‘सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का सभी सम्मान करें’
हीमपुर दीपा। अयोध्या प्रकरण को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल प्रखंड हीमपुर दीपा के तत्वावधान में एक बैठक आयोजित की गई।
बृहस्पतिवार को गांव में विश्व हिंदु परिषद के सह जिलामंत्री सौरभ शर्मा के आवास पर बैठक हुई। विश्व हिंदू परिषद के विभागाध्यक्ष कपिल चौधरी ने कहा कि राम जन्मभूमि के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का सभी को सम्मान करना चाहिए। देश की संप्रभुता, अखंडता और अस्मिता को बनाए रखने के लिए सभी धर्म-समाज के लोगों को एकजुट होना होगा। निर्णय के पक्ष में आने पर किसी भी तरह की आतिशबाजी और अन्य कार्य नहीं होने चाहिए। कहा कि हम सभी स्वयंसेवक हैं। यह हमारा देश है, इसकी एकता और अखंडता को बनाकर रखना हमारी जिम्मेदारी है। बैठक में बबलू गुर्जर, गौरव चौधरी, सुमित गुप्ता, प्रधान राहुल सिंह आदि मौजूद रहे।
धर्मगुरुओं से शांति बनाए रखने की अपील
हीमपुर दीपा। हीमपुर दीपा थाने में बृहस्पतिवार को अयोध्या प्रकरण को लेकर मौलवियों और पुजारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में दोनों पक्षों के लोगों को अयोध्या प्रकरण को लेकर सावधानी बरतने, सौहार्दपूर्ण वातावरण पैदा करने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने, भड़काऊ पोस्टर नहीं चिपकाने, सोशल मीडिया पर गलत संदेश नहीं भेजने की अपील की गई। इसके साथ सड़क सुरक्षा अभियान के तहत दो पहिया वाहनों पर हेलमेट लगाने तथा चौपहिया वाहन पर सीट बेल्ट बांधने की अपील की गई।