डीएम से वार्ता के बाद आकियू का धरना स्थगित
बिजनौर। आजाद किसान यूनियन का डीसीओ कार्यालय पर चल रहा धरना डीएम से वार्ता के बाद दस सितंबर तक के लिए स्थगित हो गया। डीएम ने किसानों को बकाया गन्ना भुगतान जल्द कराने का आश्वासन दिया है।
किसानों का धरना बुधवार को डीसीओ कार्यालय में शुरू हुआ था। संगठन पदाधिकारी किसानों का घोषणा पत्र खुद किसानों द्वारा भरवाने का विरोध कर रहे थे। बृहस्पतिवार को किसानों का प्रतिनिधिमंडल डीएम ने मिला। पदाधिकारियों ने डीएम को बताया कि शासन के निर्देश से किसानों को परेशानी उठानी पड़ेगी। बताया कि 70 गांवों में चकबंदी चल रही है। चकबंदी के दौरान किसानों को जमीन की खसरा खतौनी लेने में परेशानी आती है। कहा कि गन्ना भुगतान न होने से किसान वैसे ही आर्थिक रूप से परेशान है। डीएम ने कहा कि गन्ना माफिया पर नकेल कसने के लिए यह शासनादेश जारी किया गया है। किसानों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। वे सीएससी प्रभारियों से बैठक कर किसानों का घोषणापत्र ऑनलाइन करने के लिए फीस निर्धारित कराएंगे। इसके अलावा जहां चकबंदी चल रही होगी वहां पर किसानों को खसरा खतौनी दिलाने की व्यवस्था होगी। गन्ना भुगतान भी शीघ्र दिलाने का आश्वासन दिया। बैठक के बाद धरना स्थगित कर दिया गया। राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र सिंह ने बताया कि अगर किसानों को कोई परेशानी आती है तो दस सितंबर को फिर से आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष धीरज कुमार, एमपी सिंह, संजीव राठी, सतेंद्र राठी, गिरिराज सिंह, अमर सिंह, सुभाष काकरान, नैपाल सिंह आदि किसान मौजूद रहे।