कोतवाली देहात। थाना क्षेत्र के ग्राम शहबाजपुर में देवर-भाभी की पिटाई करने के मामले में पुलिस ने दो महीने बाद न्यायालय के आदेश पर चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
अमरोहा के सदर थाने के ग्राम मोड़ी जट निवासी राजीव कुमार पुत्र गुड्डू सिंह ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि पांच अप्रैल को दोपहर दो बजे वह अपने भाई संजू तथा उसकी पत्नी रीता के साथ किसी काम से गांव शहबाजपुर आया था। उसकी बाइक से एक कार को हल्की सी रगड़ लग गई। इसके बाद मतपुरी निकट लालपुर बस्तौर जनपद मुरादाबाद निवासी लवकुश, मसीचरन, मीना, गुंजन ने राजीव तथा उसकी भाभी रीता की पिटाई कर दी। आरोपियों ने रीता के कपड़े फाड़ दिए। जब राजीव ने एक दुकान में छिपकर जान बचानी चाही तो आरोपी दुकान में जबरन घुस गए तथा उसे पीटा। राजीव के दोनों पैरों के ऑपरेशन हुए। मामले की सूचना 112 पर दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने सभी के नाम और पते नोट कर लिए थे। न्यायालय मजिस्ट्रेट द्वितीय नगीना के आदेश पर पुलिस ने लवकुश, मसीचरन, मीना और गुंजन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।