जलालाबाद के मुबारकपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय की वर्तमान स्थिति।
- फोटो : NAZIBABAD
हरकत में आया प्रशासन, स्कूल में भरे पानी की निकासी कराई
जलालाबाद। गांव मुबारकपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय में जलभराव को लेकर आखिरकार प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम के निर्देश पर टीम ने विद्यालय पहुंचकर जलनिकासी की वैकल्पिक व्यवस्था कराई।
मुबारकपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय में डेढ़ माह से जलभराव था। विद्यार्थी विद्यालय की कुर्सी-मेज का पुल बनाकर विद्यालय में प्रवेश कर रहे थे। अमर उजाला ने 21 सितंबर के अंक में ‘स्कूल में भरा पानी, कुर्सी-मेज बनीं पुल’ शीर्षक से प्रमुखता से समस्या को उठाया था। एसडीएम परमानंद झा ने मामले का संज्ञान लेते हुए विद्यालय में जलभराव की निकासी कराने की निर्देश दिए। शुक्रवार को तहसीलदार राधेश्याम शर्मा के नेतृत्व में मुबारकपुर पहुंची टीम ने जेसीबी से विद्यालय में भरे जलनिकासी की वैकल्पिक व्यवस्था कराई। मुबारकपुर के ग्राम प्रधान मो. जाकिर ने बताया कि दो वर्ष पूर्व विधायक निधि से गांव की जलनिकासी के लिए 325 मीटर का नाला बनाया जा रहा था। नाला करीब 80 प्रतिशत बनाया गया, लेकिन कुछ ग्रामीणों अपने स्वार्थ के लिए नाला निर्माण कार्य नहीं होने दिया। जिस कारण बरसात और गांव के रोजमर्रा का पानी विद्यालय में जमा हो रहा था। शुक्रवार को तहसीलदार राधेश्याम और ग्राम सचिव गोसिया अंसारी ने अधूरे पड़े नाले की सफाई कराकर जल की निकासी कराई। उन्होंने नाले का खोदाई कराकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया।