टिड्डी दल के संभावित हमले को लेकर प्रशासन अलर्ट
बिजनौर। दिल्ली एनसीआर में टिड्डी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुुए प्रशासन सतर्क हो गया है। प्रशासन ने फायरब्रिगेड की गाड़ियों और सभी नगर पालिकाओं के टैंकरों को तैयार रहने को कहा है। टिड्डी दल को मारने के लिए दवाई का इंतजाम प्रशासन ने पहले से ही कर रखा है।
टिड्डी दल का खतरा करीब एक महीने पहले जिले की फसलों पर मंडराया था लेकिन तब टिड्डी के झुंड ने अपना रुख मध्य प्रदेश की ओर कर लिया था। लेकिन अब टिड्डी दल नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़ तक आ चुका है। पाकिस्तान से आई इन टिड्डी दल को रेगिस्तानी टिड्डी भी कहा जाता है। इनका दल एक दिन में कई किलोमीटर तक का सफर तय कर लेता है। ये जिस एरिया में भी बैठ जाते हैं वहां से फसलों का सफाया कर देते हैं।
टिड्डी दल के हमले के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। टिड्डी दल पर केमिकल के छिड़काव के लिए इस बार फायरब्रिगेड की गाड़ियों के साथ साथ नगर पालिका के टैंकरों को भी तैयार रखने के लिए कहा गया है। जहां भी टिड्डी दल हमला करेगा वहां तुरंत ही प्रशासनिक अमला पहुंचकर कार्रवाई में लग जाएगा।
ये करें किसान
अगर टिड्डी दल जिले में कहीं दिखता है तो किसान अपने परिवार के साथ टीन के डिब्बे, थाली आदि लेकर खेतों में पहुंच जाएं और उन्हें जोर जोर से बजाएं। ऐसा करने से टिड्डी दल उस एरिया में नहीं बैठेगा।
मारा जा सकता है केमिकल से
टिड्डी दल को केमिकल के छिड़काव से मारा जा सकता है। क्लोरोपाईरीफास, साइपरमैथरीन की एक मिली लीटर की मात्रा प्रति लीटर पानी में घोलकर टिड्डी दल पर छिड़काव करें। एक एकड़ में 200 लीटर पानी लगेगा। अन्य केमिकल भी बाजार में हैं।
पूरी है तैयारी
जिला कृषि अधिकारी अवधेश मिश्र के अनुसार टिड्डी दल के संभावित हमले को लेकर तैयारी पूरी है। किसानों को भी सतर्क कर दिया गया है। सभी अपने खेतों में सतर्क रहें और टिड्डी दल दिखने पर विभाग के कर्मचारियों को सूचित करें।