संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। रेलवे स्टेशन तक छोड़ने के बहाने युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी युवक राशिद का पुलिस ने चालान कर दिया। कोर्ट ने उसे जेल भेजने के आदेश दिए। मगर, मुठभेड़ में गोली लगने की वजह से घायल होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दुष्कर्म के आरोपी राशिद पुत्र इलियास निवासी लोकप्रिया विहार थाना खोड़ा जनपद गाजियाबाद का पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपी बृहस्पतिवार की शाम कोर्ट के आदेश पर उसे जेल में दाखिल किया गया, मगर हालत खराब होने की वजह से अभी उसे जिला अस्पताल में ही पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।
बता दें कि पानीपत में नौकरी करने वाली एक युवती दिल्ली से मंगलवार की देर शाम करीब 9:35 बजे बिजनौर पहुंची। बिजनौर बस स्टैंड पर काफी इंतजार करने के बाद भी उसे चांदपुर जाने के लिए बस नहीं मिली। तभी आरोपी राशिद उसके पास आया और उसे ट्रेन से चांदपुर जाने की सलाह देते हुए रेलवे स्टेशन तक छोड़ने का बहाना बनाकर साथ ले गया।
मंडावर रोड चक्कर चौराहे से थोड़ा आगे जाकर ई रिक्शा से दोनों उतरे। तभी आरोपी ने युवती को सड़क किनारे झाड़ियों में खींच लिया और मारपीट करते हुए दुष्कर्म किया। आरोपी युवती का मोबाइल भी लूट ले गया था।
बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे खेड़की मार्ग पर आरोपी को पुलिस ने घेर लिया। उसने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की तो आरोपी के पैर में गोली लगी थी।र