हल्दौर थाने में भाकियू टिकैत के धरने को संबोधित करते पश्चिमी उत्तर प्रदेश महासचिव कुलदीप चौध
बिजनाैर, हल्दौर। बाटपुरा स्थित बैंक्वेट हाॅल में युवक को गोली लगने के मामले में बेकसूर को जेल भेजने का आरोप लगाते हुए भाकियू कार्यकर्ताओं ने थाने पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जेल भेजे गए युवक ने घायल की मदद की थी।
बृहस्पतिवार को संगठन के हल्दौर ब्लॉक युवा अध्यक्ष अरुण कुमार के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए दोपहर करीब एक बजे थाने पहुंचे। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को थाने के मुख्य द्वार पर रोकने का प्रयास किया लेकिन वे धकियाते हुए परिसर में दाखिल हो गए। संगठन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश महासचिव कुलदीप चौधरी, हल्दौर ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि फरवरी माह में गांव बाटपुरा के निकट स्थित एक बैंक्वेट हॉल में दो पक्षों के में गोली चली थी।
गोली लगने से बिजनौर की पंजाब कॉलोनी निवासी राघव खेड़ा घायल हो गए थे। हीमपुर दीपा क्षेत्र के गांव चौंकपुरी निवासी राजीव कुमार के पुत्र हर्षित चौधरी ने उन्हें बिजनौर अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बावजूद पुलिस ने बेकसूर हर्षित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। किसानों ने कहा कि बीती 28 फरवरी को थाने में संगठन के धरने के दौरान सीओ संग्राम सिंह ने मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्दोष पाए जाने पर हर्षित चौधरी को छोड़ने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। किसान अपनी मांगों को लेकर थाना परिसर में बेमियादी धरने पर बैठ गए। धरने की अध्यक्षता दिनेश कुमार ने व संचालन विकास कुमार ने किया। धरने पर प्रदेश महासचिव ठाकुर राम अवतार सिंह, राजेंद्र सिंह, रोहित प्रधान, जितेंद्र राणा, कोमन सिंह, महेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।