फर्जी बिल पास न करने पर उत्पीड़न का आरोप
बिजनौर। जिला मलेरिया अधिकारी ब्रजभूषण की पत्नी पूनम भूषण ने स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी पर फर्जी बिल पास न करने पर उनके पति का उत्पीड़न करने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का आरोप लगाया है। पूनम भूषण ने एसपी संजीव त्यागी से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
जिला मलेरिया अधिकारी बृजभूषण की पत्नी पूनम भूषण ने एसपी से शिकायत की है कि उनके पति ब्रजभूषण विभाग के एक अधिकारी के उत्पीड़न से अत्यधिक ग्रसित हैं। उनके पति के अनुसूचित जाति से होने के कारण उन्हें अपमानित किया जा रहा है। उनके पति को वाहन प्रभारी के चार्ज से गाड़ी की फर्जी मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये के बिल पास न करने पर हटा दिया था। लाखों के बिल का फर्जी भुगतान न करने पर संक्रामक रोग के नोडल अधिकारी का चार्ज भी उनसे छीन लिया। उनके पति से सरकारी वाहन भी कई बार छीन लिया गया और अपमानित की उन्हें वापस किया गया। उनके पति को कार्यालय में जातिसूचक शब्दों से लगातार अपमानित किया जा रहा है। उनके पति से एक दिन में कई कई बार स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। कभी एचआरए, कभी कार्यालय में कोल्ड चेन बनाने तो कभी उपस्थिति दर्ज कराने के नाम पर उनके पति का उत्पीड़न हो रहा है। उत्पीड़न से उनके पति खुद को अपमानित महसूस कर रहे हैं और काफी बीमार रहने लगे हैं। ऐसे में वे और उनके बच्चे भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनके पति के साथ किसी हादसे या अनहोनी की आशंका बनी हुई है। उनके पति रात को सो भी नहीं पाते हैं। पूनम भूषण ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर उनके पति को उत्पीड़न से निजात दिलाने की मांग की है।