बिजनौर के धामपुर के नहटौर रोड पर ट्रक से कुचलकर साइकिल सवार किशोर की मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर उन्हें सौंपे जाने की मांग करते हुए जाम लगा दिया। एसडीएम, पुलिस की लाख कोशिशों के बाद भी जाम नहीं खोला गया।
गांव बमनौली निवासी विनीत (16) पुत्र विरेश सैनी सोमवार शाम धामपुर से साइकिल पर पशुओं के खल चौकर लेकर घर जा रहा था। गैस गोदाम के पास वह टैंपों की चपेट में आकर पीछे से आ रहे ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। किशोर का सिर कुचलने उसे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। किशोर के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और धामपुर-नहटौर मार्ग जाम लगा दिया। किशोर के परिजन आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार किए जाने की मांग पर अड़ गए।
हालांकि एसडीएम, कोतवाल ने परिजनों को भरोसा दिया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी। परंतु वे एक ही जिद पर अड़े थे कि शव तभी उठेगा, जब पुलिस ट्रक चालक को उन्हें सौंप देगी।
मामला बिगड़ता देख पुलिस को रूट डायवर्ट करना पड़ा। तमाम यात्रियों को गैस गोदाम से उतरकर धामपुर के लिए पैदल आना पड़ा। शाम तक परिजन मार्ग पर जाम लगाए थे। उधर कोतवाल अजय कुमार का कहना था कि परिजनों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है।