धामपुर। विद्युत निगम की नॉन सौभाग्य योजना के अंतर्गत बिजली चोरी रोकने के लिए एक हजार से अधिक आबादी वाले ऐसे गांवों में एबीसी कंडक्टर केबल डाले जा रहे हैं, जिनमें बिजली चोरी की अधिक शिकायत रहती है। बिजनौर जिले में ऐसे कुल 968 गांवों का चयन हुआ था, जिनमें अब तक 640 गांवों में रबड़युक्त केबल डाले जा चुके हैं। शेष 328 गांवों में जनवरी के अंत तक केबलों डालने का काम पूरा हो जाएगा।
सौभाग्य योजना के ब्लॉक इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि निगम की ओर से दो योजनाओं को चलाया जा रहा है। सौभाग्य योजना के तहत गांवों का विद्युतीकरण होता है जबकि नॉन सौभाग्य योजना के तहत बिजली चोरी रोकने के लिए पुरानी लाइनों के स्थान पर एबीसी कंडक्टर केबल डाले जाते है। एबीसी कंडक्टर केबल डालने के लिए जिले के 968 गांवों का चयन किया गया है, जिनमें से 640 गांवों में 550 किमी लंबा एबीसी कंडक्टर केबल डाला जा चुका है। बाकी गांवों में जनवरी माह के अंत तक एबीसी कंडक्टर के डाल दिया जाएगा। धामपुर सर्किल के धामपुर प्रथम और द्वितीय खंड में कुल 287 गांवों में से 149 गांवों में 130 किमी लंबा केबल डाला जा चुका है। धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जनपद बिजनौर में अब तक 800 गांवों को विद्युतीकरण किया गया है। इन गांवों में पहले कभी बिजली नहीं थी।