बिजनौर के बढ़ापुर थाना क्षेत्र के ग्राम टांडा साहूवाला निवासी एक युवक की अमेरिका के शहर सेल्मा स्थित गुरुद्वारे के बाहर अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। युवक गुरुद्वारा में रागी का कार्य करता था। युवक की हत्या की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के ग्राम टांडा साहूवाला निवासी राज सिंह उर्फ गोल्डी (29) करीब डेढ़ साल पहले गुरुद्वारे में रागी का कार्य करने के लिए अमेरिका के शहर सेल्मा गया था। बताते हैं कि शुक्रवार की रात्रि गुरुद्वारे में जत्थे के साथ कीर्तन करने के बाद राज सिंह उर्फ गोल्डी गुरुद्वारे के बाहर सड़क पर पहुंचा तो हथियारबंद अज्ञात बदमाशों ने उस पर गोलियों की बौछार कर दी। गोल्डी की मौके पर ही मौत हो गई। अब गोल्डी की हत्या की खबर मिलने पर उसके परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजन मृतक गोल्डी का अंतिम संस्कार भारत में ही करना चाहते हैं। मृतक की बहन प्रीति कौर का कहना है कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उम्मीद है कि वह उसके मृतक भाई के शव को भारत वापस लाने में उनकी मदद करेंगे।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: ट्रैक्टर खड़े कर किसानों ने भरी हुंकार, टिकैत बोले- हक नहीं मिला तो किसान आंदोलन के लिए तैयार