किरतपुर । क्रिकेट मैच के दौरान हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर लौट रहे एक युवक को दूसरे युवक ने गोली मार दी। गंभीर हालत में घायल को पहले पीएचसी किरतपुर और फिर बिजनौर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उसे मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के ग्राम मिठारी के निकट स्थित क्रिकेट मैदान पर बुधवार को दो टीमों के बीच मैच चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर खिलाड़ियों के बीच कहासुनी हो गई। मौके पर लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन घर लौटते समय विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि ग्राम डबासोवाला के निकट नहर पर आयुष निवासी ग्राम बाहुपुरा थाना किरतपुर ने रूपेंद्र राठी निवासी ग्राम बड़ा पाइमार को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल के साथी आकाश और विवेक निवासी ग्राम बड़ा पाइमार ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस से रूपेंद्र को पीएचसी किरतपुर पहुंचाया गया, जहां से उसे बिजनौर मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ के हायर सेंटर भेज दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी की तलाश में घेराबंदी की, लेकिन वह हाथ नहीं लग सका। इस संबंध में सीओ नजीबाबाद आकांक्षा गौतम का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।