नगीना। राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन पर ग्राम पुरैनी में स्कॉर्पियो की टक्कर से सड़क पार कर रहे स्कूटी सवार धामपुर निवासी विजयपाल सिंह (68) व महावीर सिंह चौहान (67) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया जबकि चालक भाग निकला। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया है।
बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे धामपुर के मोहल्ला साकेत विहार कॉलोनी निवासी विजयपाल सिंह व महावीर सिंह चौहान एक स्कूटी से ग्राम सराय पुरैनी से वापस अपने घर धामपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय धामपुर की दिशा से आ रही स्कार्पियो ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार विजयपाल व महावीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से नगीना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में स्कॉर्पियो व स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दोनों आरएसएस से जुड़े थे
विजयपाल सिंह सेवानिवृत शिक्षक थे जबकि महावीर सिंह सहकारी बैंक से सेवानिवृत हुए थे। महावीर सिंह चौहान मूल रूप से ग्राम सराय पुरैनी व विजय पाल सिंह ग्राम बसेड़ा के निवासी थे। दोनों राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े हुए थे तथा बुधवार की सुबह आरएसएस की शाखा में हिस्सा लेकर ग्राम सराय पुरैनी में एक परिचित के यहां हुई मौत के चलते शोक संवेदना व्यक्त करने आए थे। पुलिस का कहना है कि दोनों हाईवे पर स्थित बैंक शाखा में काम निपटाकर वापस अपने घर जाने के लिए स्कूटी से सड़क पार कर दूसरी लेन में जा रहे थे कि हादसे का शिकार हो गए।
सीओ राजेश सोलंकी का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी। गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है।