अफजलगढ़ के मोहल्ला गौहरअली खां में आग लगने के बाद गिरा घर का लिंटर।
- फोटो : BIJNOR
अफजलगढ़। नगर के मोहल्ला गौहरअली खां में राशन डीलर जाकिर के घर भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि आसपास के करीब आधा दर्जन घरों को खाली कराना पड़ा। 15 घंटों तक घर में रखा सामान जलता रहा और फिर घर की छत और दीवार गिर गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से 50 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
नगर के मोहल्ला गौहरअली खां में राशन डीलर जाकिर के घर में मंगलवार की शाम आग लगी तो शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। काफी प्रयास के बाद भी आग नहीं बुझी। रात में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाने का प्रयास किया, पर आग लगातार बढ़ती गई। पुलिस ने खतरा बढ़ता देख आधा दर्जन घरों को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की हिदायत दी। इसके बाद दो और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गई। मंगलवार की देर रात करीब एक बजे आग पर काबू पाया जा सका। बुधवार की दोपहर तक घर से धुआं उठता रहा। 15 घंटे उठी आग की लपटों से इस बडे़ घर का लिंटर और दीवारें गिर गई। आग से घर में रखी नगदी तथा घरेलू सामान सहित 50 लाख रुपये की क्षति होने का अनुमान है। उधर गृहस्वामी ने इस पर कुछ कहने से इन्कार कर दिया।