बढ़ापुर/नजीबाबाद। नजीबाबाद वन प्रभाग की साहूवाला वन रेंज के इनायतपुर वन चौकी के समीप लगभग 35 वर्ष की गर्भवती हथिनी की खेत पर की गई तार-बाड़ के करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। हथिनी का शव खारी बीट में पड़ा मिला है। मौके पर पहुंचे वन विभाग के अफसरों ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
मंगलवार की शाम साहूवाला वन क्षेत्र में वन विभाग की टीम को इनायतपुर वन चौकी के पास खारी बीट में हथिनी का शव मिला। साहूवाला रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रामवृक्ष राव ने सूचना उच्चधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर वन संरक्षक मुरादाबाद आदर्श कुमार, डीएफओ नजीबाबाद अभिनव राज, एसडीओ अंशुमान मित्तल मौके पर पहुंचे और गहनता से शव का निरीक्षण किया। डीएफओ नजीबाबाद ने बताया कि मादा हाथी व्यस्क है।
उन्होंने बताया कि पास में ही एक खेत में तार-बाड़ मिली है। हथिनी की मौत करंट लगने से होने की आशंका है। मौत के कारणों की सही जानकारी पोस्टमार्टम के बाद ही मिल पाएगी। उन्होंने बताया कि हथिनी गर्भवती थी। तीन सदस्यीय पशु चिकित्सक दल ने हाथी के शव का पोस्टमार्टम किया। पशु चिकित्सक दल में डॉ. एसपी सिंह (कासमपुर गढ़ी), डॉ. रजनीश (नगीना) व कासिम अली (किरतपुर) शामिल रहे।