बिजनौर जनपद के अफजलगढ़ में रेहड़ के गांव बादीगढ़ में पुराने मकान का लिंटर तोड़ते समय एक आठ वर्षीय बच्चे की मलबे में दबने से मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
विज्ञापन
गांव टपरौला थाना नहटौर निवासी प्रियंका पत्नी अमित कुमार कुछ दिन पूर्व अपने दो बच्चों के साथ मायके बादीगढ़ आई थी। सोमवार को प्रियंका के पिता रोशन सिंह निर्माण के लिए अपने मकान का लिंटर तोड़ रहे थे। असावधानी के चलते अचानक मकान का मलबा प्रियंका के आठ वर्षीय पुत्र हर्ष के ऊपर आ गिरा। घटना का पता लगते ही परिजन हर्ष को उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, प्रियंका का पति अमित काम के सिलसिले में गुजरात गया हुआ है। परिजनों ने घटना की सूचना अमित को दे दी है। अमित के मंगलवार शाम तक घर पहुंचने की उम्मीद है। बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।