कादराबाद। अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के तुरतपुर गांव में एक विवाहिता ने पति को भाभी के साथ आपत्तिजनक हालत देखा और हंगामा कर दिया। आरोप है कि पति ने परिजनों के साथ मिलकर पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने का प्रयास किया। महिला कई घंटे तक अचेत पड़ी रही और ससुरालियों ने उसे मृत समझकर अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इस बीच वह होश में आ गई और पड़ोसियों के माध्यम से मायके वालों को घटना की सूचना दी।
चकफेरी निवासी राजपाल सिंह ने तीन माह पूर्व बेटी राखी की शादी गांव तुरतपुर निवासी युवक से की थी। आरोप है कि बृहस्पतिवार रात उसने पति को भाभी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया और हंगामा करने लगी। मामला सार्वजनिक होने के डर से पति ने घरवालों के साथ मिलकर उसका गला घोंटकर हत्या करने का प्रयास किया। विवाहिता के अचेत होने पर ससुराल वाले उसे मृत समझ बैठे और उसके अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। विवाहिता को कई घंटे बाद होश तो अंतिम संस्कार की तैयारी होती देख उसके होश उड़ गए। किसी तरह वह घर से भागकर बाहर आई और पड़ोसियों के सहयोग से मायके वालों को घटना की जानकारी दी। मायके वाले बेटी के पास पहुंचे तो ससुराल वाले फरार हो गए। विवाहिता के पिता ने दामाद सहित उसके भाई, भाभी व सास, ससुर के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है। उधर, थाना प्रभारी सत्येंद्र पाल सिंह का कहना है कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।