मंडावर। भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए गंगा में नहाते समय एक बच्चे सहित दो व्यक्ति डूब गए है। एक का शव गंगा किनारे पड़ा मिला तो वहीं बच्चे की तलाश अभी जारी है।
फजलपुर निवासी 32 वर्षीय कुलदीप नारायणपुर के किसान देशराज सिंह के यहां नौकरी करता था। सोमवार को नाव में बैठकर वह बहन बालादेवी के साथ गंगा पर खेतों पर काम करने के लिए गया था। खेतों से लौटते समय सायं छह बजे कुलदीप गंगा में नहाने लगा। इस दौरान कुलदीप का पैर फिसल गया और वह गंगा में डूब गया। कुलदीप की बहन ने शोर मचाया तो आसपास के व्यक्ति वहां पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की। रात भर गोताखोर कुलदीप को तलाशते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह नौ बजे फतेहपुर के पास ही गंगा किनारे कुलदीप का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव कुलदीप के परिजनों को सौंप दिया है। उधर मंगलवार की सुबह राजारामपुर निवासी धर्म सिंह का बारह वर्षीय पुत्र रोहित भाई के साथ गंगा पार पशुओं के लिए चारा लेने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रोहित गंगा किनारे पानी पीने गया था। दुपहर के समय पैर फिसलने पर वह गंगा में डूब गया। ग्रामीण व गोताखोर रोहित को तलाशने में लगे रहे, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया है। गंगा में रोहित की तलाश जारी है। परिजनों के अनुसार रोहित कक्षा चार का छात्र है।