नूरपुर/मंडावर। गांव गोहावर में बुखार के चलते एक वृद्धा की मौत हो गई। गांव में एक माह से वायरल बुखार फैला है। वहीं, गांव जंदरपुर में दर्जन भर लोग वारयल की चपेट में हैं।
गांव गोहावर में बुखार से पीड़ित शफीकन (65) पत्नी काले खां की मुरादाबाद के एक अस्पताल में मंगलवार देर शाम मौत हो गई। इससे पूर्व दो अक्तूबर को इसी गांव के नूर मुहम्मद की मौत हो चुकी है। बुधवार को तेज बुखार के चलते गोहावर जैत की प्रधान कृष्णा देवी को नूरपुर अस्पताल लाया गया। इसके अलावा मोनिश, भूरी, रुकैया, आजम, रमेश प्रजापति, इमरान, समरजहां, अब्बास, खलील, इस्लामुद्दीन, निजामुद्दीन सहित सैकड़ों लोग बुखार की चपेट में है। कई लोगों का देहरादून सहित विभिन्न शहरों में उपचार चल रहा है।