अफजलगढ़। किशोरी से तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। किशोरी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराना चाहती थी, लेकिन परिजनों ने मामला दबा दिया। आत्मग्लानि के चलते किशोरी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया तो मामले का पता चला।
बताया गया कि तीन दिन पूर्व खेत पर जाते समय किशोरी से दुष्कर्म हुआ था। किशोरी ने जब घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी तो परिजनों ने लोकलाज के चलते आरोपियों से फैसला कर मामला दबाने का प्रयास किया। किशोरी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने पर अड़ी हुई थी, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। बताया गया कि इस गांव में कुछ दिनों पहले भी गैंगरेप का एक मामला हुआ था। परिजनों के इस फैसले से किशोरी को इतनी आत्मग्लानि हुई कि उसने जहर खाकर जान देने का प्रयास किया। हालत बिगड़ने पर जब परिजन किशोरी को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे तो इस मामले का खुलासा हुआ। किशोरी का उपचार करने वाले चिकित्सक का कहना है कि हालत गंभीर होने पर किशोरी को रेफर कर दिया गया है। एसओ घनेंद्र यादव का कहना है यदि परिजन तहरीर देंगे तो रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई की जाएगी।