जलीलपुर। संशोधित बीपीएल सूची को लेकर कमालपुर गांव में विवाद हो गया। प्रधान ने राशन डीलर व जांच को पहुंचे अफसरों पर गंभीर आरोप लगाए। डीलर पक्ष के ग्रामीणों ने भी प्रधान पक्ष पर संगीन आरोप लगा डाले। दोनों पक्ष पुलिस चौकी पहुंचे तो फिर भिड़ गए।
गांव कमालपुर के प्रधान शिब्ते अली ने समर्थकों के साथ चौकी पहुंचकर गांव के ही राशन डीलर आशू व ब्लाक जलीलपुर में कार्यरत एक अफसर पर मारपीट कर नगदी छीनने व तमंचे के बल पर नई बीपीएल सूची पर हस्ताक्षर कराने आदि आरोप लगाते हुए जलीलपुर पुलिस चौकी पर तहरीर देकर हंगामा किया। तभी दूसरे पक्ष के समर्थक भी डीलर आशू के साथ चौकी पहुंच गए। दोनाें पक्ष चौकी में ही भिड़ गए। पुलिस ने सख्ती दिखाकर दोनाें पक्षों को अलग किया। डीलर पक्ष के लोगों और महिलाओं ने बीपीएल सूची में नाम शामिल कराने के नाम पर प्रधान पर वसूली का आरोप लगाया।
क्या है मामला
गांव कमालपुर में जब से नई बीपीएल सूची बनने का कार्य शुरू हुआ है। सूची में शामिल नामों को लेकर विवाद है। ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले एसडीएम चांदपुर से सूची की जांच कराने की मांग की थी। ग्रामीणों ने तहसील पर प्रदर्शन भी किया था। शुक्रवार को सूची की जांच लिए ब्लाक जलीलपुर से दो एडीओ याकूब अहमद व रविकांत शर्मा गांव पहुंचे थे। जांच के दौरान ही दोनों पक्षाें में तनातनी हो गई। एडीओ याकूब ने आरोपों को गलत बताया और प्रधान पर ही बदसलूकी व जांच में सहयोग न करने का आरोप लगाया।