न्याय व्यवस्था की अहम कड़ी हैं वकील : सुचि चौधरी
बिजनौर। जिला बार एसोसिएशन के तत्वावधान में भाजपा विधायक सुचि चौधरी व उनके पति भाजपा नेता एश्वर्य चौधरी के अभिनंदन समारोह में विधायक ने वकीलों के हित के लिए कार्य करने की बात कही। विधायक ने वकीलों के बार हॉल पर वाटर चिलिंग प्लांट लगवाने व बार हॉल के सौंदर्यीकरण, 25 चैंबर बनवाने व कलक्ट्रेट स्थित बार हॉल के जीर्णोद्धार कराने की घोषणा की।
जजी परिसर स्थित बार हॉल में विधायक सुचि चौधरी ने कहा कि वकीलों के माध्यम से ही वादकारियों को न्याय मिलता है। वकील न्यायिक व्यवस्था की अहम कड़ी हैं। सरकार भी वकीलों के हित में कार्य करने को संकल्पबद्ध है। युवा भाजपा नेता एश्वर्य चौधरी ने कहा कि वे खुद भी वकील हैं। इसलिए वकीलों को होने वाली परेशानी के बारे में उन्हें पता है। वकीलों की समस्याओं को खत्म कराने में वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। जिला बार के पूर्व अध्यक्ष व एश्वर्य चौधरी के पिता राजेंद्र सिंह ने एश्वर्य की पेद्दा कांड में सुनवाई में सहयोग करने पर वकीलों का आभार जताया। जिला बार अध्यक्ष एसके बबली ने विधायक को वकीलों की समस्याओं से अवगत कराया।
विधायक ने समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। विधायक को नटराज की मूर्ति देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बार अध्यक्ष एसके बबली व संचालन महामंत्री नवदीप सिंह ने किया। इस दौरान जिला बार के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, सत्यप्रकाश चौहान, नरेंद्र प्रकाश शर्मा, राजीव चौहान, चतर सिंह, निरंकार सिंह, अब्दुल गफ्फार, केडी सिंह, युवा बार के अध्यक्ष अनुज चौधरी, अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष अतुल सिसौदिया, निपेंद्र सिंह, सिविल बार अध्यक्ष नरेश राजपूत, रेवेन्यू बार अध्यक्ष विनय राणा आदि मौजूद रहे।