सेल्समैन के 50 हजार रुपये जब्त किए
नहटौर। लोकसभा चुनाव में तैनात निगरानी टीम ने धामपुर मार्ग स्थित ग्राम कश्मीरी के अड्डे पर चेकिंग के दौरान विद्युत कर्मियों से साढ़े तीन लाख व शराब सेल्समैन से 50 हजार की नकदी तथा छोटे हाथी में मौजूद भारी मात्रा में देसी शराब पकड़ी। जांच पड़ताल करने के बाद शराब व विद्युत कर्मी की रकम वापस कर दी गई, शराब सेल्समैन के 50 हजार रुपये जब्त कर लिए गए ।
नहटौर क्षेत्र में तैनात स्थायी निगरानी टीम के प्रभारी मजिस्ट्रेट राकेश चौहान, एस आई ललित कुमार ने छोटे हाथी को रोका। इसमें 270 पेटी शराब के पव्वे और मौजूद सेल्समैन भूदेव के पास से 50 हजार की नकदी कश्मीरी अड्डे पर पकड़ ली। इस संबंध में जब सेल्समैन भूदेव से जानकारी ली गई तो वह कोई संतुष्ट उत्तर नहीं दे पाया। आबकारी निरीक्षक धामपुर मनोज कुमार सिंह ने शराब के कागज चैक करने के साथ सेल्समैन से पूछताछ की। सेल्समैन ने बताया कि वह हल्दौर गोदाम से शराब नूरपुर स्थित देसी की दुकानों पर पहुंचाने ले जा रहा है। उसे गांव ढक्का कर्मचंद की दुकान से अंग्रेजी शराब उठानी है। इस पर टीम ने कागज से मिलान कर शराब छोड़ दी, जबकि सेल्समैन द्वारा 50 हजार की रकम का ब्योरा न दे पाने पर उसे जब्त कर लिया। टीम ने सेल्समैन से रकम का प्रमाण देने को कहा है। इससे पूर्व रविवार की रात निगरानी समिति के प्रभारी मजिस्ट्रेट अमोल तोमर, एसआई नन्हें सिंह ने चेकिंग के दौरान बाइक पर सवार कोतवाली देहात विद्युत केंद्र पर तैनात टीजी सेकेंड रविन्द कुमार और लाइनमैन टेकचंद से साढ़े तीन लाख की नकदी पकड़ ली। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि यह रकम उन्होंने विद्युत बकाया वसूली से अर्जित की है तथा रविवार होने के कारण वह इसे विभाग के खाते में जमा नहीं कर पाए हैं। कल उक्त रकम जमा कराई जायेगी। उन्होंने इस संबंध में कागज भी उपलब्ध कराए। टीम ने एसडीओ नगीना मूलचंद शर्मा से भी इस संबंध में जानकारी ली। उनके द्वारा रकम विभाग की होना बताने पर वापस कर दी गई।