ट्रेन में सफर के दौरान दिया बच्चे को जन्म
नजीबाबाद। दून एक्सप्रेस में सफर के दौरान महिला ने जनरल कोच में बच्चे को जन्म दिया। सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी ने नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर जच्चा बच्चे को परिवार सहित ट्रेन से उतारकर महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
लखीमपुर खीरी निवासी मजदूर मनोज देहरादून में परिवार सहित रहकर काम करता है। वह अपनी पत्नी आरती के साथ देहरादून से मंगलवार की देर रात मुरादाबाद जाने के लिए दून एक्सप्रेस से रवाना हुआ। लक्सर नजीबाबाद के बीच अचानक प्रसव पीड़ा होने के बाद नजीबाबाद स्टेशन आने से पहले ही महिला यात्रियों की मदद से महिला ने बच्चे को जन्म दिया। नजीबाबाद स्टेशन पर सुबह तीन बजे ट्रेन पहुंचने पर मनोज ने स्टेशन पर घटना की जानकारी दी। आरपीएफ के एएसआई सज्जन सिंह पवार और जीआरपी की मदद से महिला को परिवार सहित ट्रेन से उतारकर महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। आरपीएफ इंचार्ज इंद्रकांत शर्मा ने बताया कि जच्चा बच्चा सकुशल हैं।