अमरोहा। अस्पतालों में इलाज कराने आने वाले आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को ट्रैस करने की जिम्मेदारी सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों के डॉक्टरों को दी गई है। ताकि अस्पतालों में इलाज कराने आने वाले लाभार्थी योजना का लाभ उठाकर मुफ्त इलाज कराकर इलाज पर होने वाले खर्च से बच सकें।
सरकारी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को जागरूक करने के मकसद से जिला अस्पताल के सीएमओ में कार्यालय में डॉक्टरों की बैठक आयोजित की गई। इसमें सीएमएस डॉक्टर रामनिवास ने कहा कि जो मरीज इलाज कराने आ रहे हैं। उन्हें चिन्हित करके योजना के अधिकारियों को सूचित करें। ताकि उनके गोल्ड कार्ड बनाकर योजना के तहत मुफ्त इलाज का लाभ दिलाया जा सके।
इसके लिए इलाज के लिए आने वाले मरीज से बात पूछा जाएगा कि वह आयुष्मान भारत योजना का लाभार्थी है अथवा नहीं। योजना के जिला ग्रीवांस अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने कहा कि जागरूकता के बाद ही अस्पतालों में लाभार्थियों की संख्या बढ़ेगी।
जागरूकता के अभाव के चलते जिले के 46 हजार लाभार्थियों में से अभी तक केवल 752 लाभार्थियों के ही गोल्डकार्ड बने हैं, और केवल 34 ने इलाज कराया है। इनमें से एक लाभार्थी ने सरकारी अस्पताल में इलाज कराया है।
लाभार्थियों को चिन्हित करेंगे डॉक्टर
अमरोहा। सीएमओ डॉ. रमेशचंद्र शर्मा ने कहा कि सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले लाभार्थियों को डॉक्टर ट्रैस कर उनके गोल्डकार्ड बनवाने के लिए जागरूक करेंगे। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को योजना का लाभ मिल सके।