भाकियू की पंचायत में किसानों की समस्याओं को उठाया
हल्दौर। ब्लॉक कार्यालय में आयोजित भाकियू की पंचायत में कार्यकर्ताओं ने 23 सितंबर से दो अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर हरिद्वार से दिल्ली तक की पैदल क्रांति यात्रा को सफल बनाने की अपील की। किसानों की विभिन्न समस्याओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
भारतीय किसान यूनियन की ब्लॉक कार्यालय परिसर में शनिवार को जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह की अध्यक्षता में पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में जिला अध्यक्ष ने क्षेत्रीय किसानों से दिल्ली में दो अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित किसान क्रांति यात्रा में पहुंचने का आह्वान किया गया। उन्होंने किसानों से 23 सितंबर को हरिद्वार से किसान क्रांति पैदल यात्रा में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने को कहा। संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्युत निगम किसानों के दस हजार रुपये से अधिक वाले बिल के बकायदारों के कनेक्शन काटने की जुगत में लगा है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जब तक किसानों के बकाया गन्ने का भुगतान नहीं होता तब तक किसानों के विद्युत कनेक्शन नहीं काटने दिए जाएंगे। पंचायत में बिजली की बढ़ी दरें कम कराने, क्षेत्र की जर्जर विद्युत लाइनों के तार बदलवाने, जंगली जानवरों से शीघ्र निजात दिलाने आदि समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। पंचायत की अध्यक्षता जसराम सिंह व संचालन ब्लॉक अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने किया। पंचायत में मंडल महासचिव अतुल कुमार, जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार, मुनिदेव सिंह, जितेंद्र सिंह, नौबहार सिंह, गुरपाल सिंह, इकबाल मलिक, देवेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह, राकेश प्रधान, कुलदीप सिंह आदि किसान मौजूद रहे।