सब्जी के दामों में लगी आग
दुकानों पर उपभोक्ता से ली जा रही दोगुनी कीमत
बिजनौर। बरसात शुरू होने से पहले ही सब्जियों के दामों में आग लगने लगी है। सब्जियों के दामों में बढ़ोतरी हो रही है। रही सही कसर दुकानदान पूरी कर रहे हैं। आढ़त के मुकाबले दुकानों पर सब्जी दोगुना से अधिक मूल्य पर बेची जा रही है।
दो साल पहले दालों के दाम आसमान पर थे। तब सब्जियों के दाम कम थे और उपभोक्ताओं ने सब्जियों का जमकर उपभोग किया था। लेकिन इस बार स्थिति दूसरी हो गई है। अब सब्जियों के दामों में उछाल है और दालों के दाम काफी कम हैं। आमतौर पर देखा जाता है कि बरसात शुरू होने के बाद सब्जी के दामों में उछाल आता है, लेकिन इस बार बरसाती सीजन से पहले ही सब्जी करीब 20 प्रतिशत तक महंगी हो गई है। इसकी एक बड़ी वजह पहाड़ों पर बारिश होने से खादर क्षेत्र में पलेज नष्ट होने को भी माना जा रहा है। जिले में गंगा किनारे खादर में हजारों बीघा जमीन में भिंडी, खीरा, करेआ आदि बोई जाती हैं। पानी आने से ये फसलें नष्ट हो गई हैं। वहीं उपभोक्ताओं से दुकानों पर आढ़त के मुकाबले सब्जियों के दोगुने तक वसूले जा रहे हैं।
सब्जी आढ़त मूल्य फुटकर मूल्य
आलू 12 20
भिंडी 20 35
परमल 25 40
खीरा 7 15
लौकी 8 15
तोरी 10 20
शिमला मिर्च 12 25
टमाटर 6 15
प्याज 12 20
नोट:उक्त दाम प्रति किलो में हैं और सब्जी मंडी से लिए गए हैं।