बिजनौर में रमजान माह के अलविदा जुमे पर जामा मस्जिद सहित विभिन्न मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोगों ने जुमे की नमाज अदा की। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे।
रमजान माह के अंतिम जुमे पर बच्चों सहित बड़ी संख्या में रोजेदारों ने जुमे की नमाज अदा की। जामा मस्जिद में पेश इमाम मो.ईसा ने नमाज अदा कराई। एसडीएम डॉ.पंकज कुमार वर्मा, सीओ अरुण कुमार सिंह, विधायक हाजी तसलीम अहमद अलविदा जुमे की नमाज के वक्त जामा मस्जिद पर मौजूद रहे। नगर की अन्य मस्जिदों में अलविदा जुमे पर नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मस्जिदों में नमाजियों की संख्या अधिक होने के कारण सामान्य दिनों से अलग हटके शामियाने और चटाई आदि की अतिरिक्त व्यवस्थाएं जुटाई गईं थीं। साहनपुर, जलालाबाद, नांगलसोती, मंडावली में भी क्षेत्रीय मस्जिदों में अलविदा जुमे की नमाज अदा की गई। वहीं, जामा मस्जिद पर अलविदा जुमे की नमाज पढ़ने आए लोगों से स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों को स्वस्थ और निरोग रखने के लिए उन्हें जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण की सलाह दी। अलविदा जुमे की नमाज के बाद बाजारों में खरीदारी के लिए भारी भीड़ पहुंची जिससे चौक बाजार, कल्लूगंज सहित नगर के मुख्य बाजारों और आसपास के क्षेत्रों में रूक-रूककर जाम की स्थिति बनती रही।
उधर, धामपुर में अलविदा जुमे पर मुसलमानों ने बड़ी संख्या में शुक्रवार को मसजिदों में नमाज अदा की। देश की तरक्की के लिए अल्लाह से दुआ की। जामा मसजिद में शहर इमाम मुफ्ती मोहम्मद कमर कासमी ने देश में आपसी भाईचारे को ओर प्रगाढ़ बनाने और कौम की तरक्की के लिए दुआ की। नगर की अन्य मसजिदों में अलविदा जुमे की नमाज अदा की गई। सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस फोर्स मसजिदों के आसपास तैनात रहा। वहीं कासमपुरगढ़ी में कल ईद का चांद नजर नहीं आया , तो ईद शनिवार को मनाई जाएगी। शुक्रवार को आखिरी जुमा अलविदा की नमाज क्षेत्र की विभिन्न मसजिदों में अदा हुई।
उधर, किरतपुर में जुमा अलविदा पर मोहल्ला लोहरान स्थित जामा मस्जिद में हजारों की संख्या में मुस्लिम भाइयों ने नमाज अदा कर कौम एवं मुल्क की खुशहाली के लिए विशेष दुआ की। जुमा अलविदा की नमाज में ईदगाह कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. एहसानुल करीम, डॉक्टर एम फैजान, एम याकूब मलिक, मेहरबान अहमद, सोहेल अादि रहे।
ईद की नमाज आज
नींदडू़ में ईद-उल-फितर का चांद दिखाई देने और न दिखाई देने के भ्रम को दूर करने के लिए अधिकांश लोग उलमा का अंतिम निर्णय जानने के लिए व्हाट्स ऐप तथा मोबाइल फोन के माध्यम से देर रात तक उनके संपर्क में रहे। इसे लेकर रातभर फोन की घंटियां बजती रहीं। बृहस्पतिवार शाम बादल व धुंध छाई होने के कारण आसमान में ईद-उल-फितर का चांद दिखाई नहीं दिया। शुक्रवार को ईद होने या नहीं होने की जानकारी के लिए जहां लोगों की निगाहें उलमा के फैसले पर टिकी रहीं, वहीं देर रात तक लोग व्हाट्स ऐप व फोन के द्वारा एक दूसरे के संपर्क में रहकर जानकारी हासिल करते रहे। रात 10.30 बजे शुरू हुई देवबंद के आलिमों की दूसरी बैठक में काफी देर विचार विमर्श के बाद मुफ्ती हबीबुर्रहमान, मुफ्ती शमसुद्दीन, मोहम्मद नसीम कासमी, मोहम्मद उस्मान मंसूरपुरी, मोहम्मद आरिफ तथा शौकत अली समेत 11 आलिमों के हस्ताक्षर से जारी विज्ञप्ति में चांद दिखाई देने की विश्वसनीय शहादत नहीं मिलने के कारण शुक्रवार का रोजा रखने तथा ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार को मनाने का अंतिम निर्णय लिया गया। उलमा का फैसला आने के बाद क्षेत्र में शनिवार को ईद-उल-फितर की नमाज अदा करने की तैयारियां शुरू हो गईं।
उधर, उलेमा-ए-देवबंद के जरिये अंतिम निर्णय लिए जाने के बावजूद कुछ लोग शुक्रवार को रोजा रखने या नहीं रखने को लेकर चर्चा करते देखे गए। उलमा के नजदीक ईद-उल-फितर के दिन रोजा रखना सख्त मना है।
चांदपुर/ नगीना। जामा मस्जिद चांदपुर में अलविदा जुमे की नमाज में नगर क्षेत्र व ग्रामीण क्षेत्र के हजारों रोजेदार नमाजियों ने शिरकत की। शहर इमाम मुफ्ती शमशुज्जमा कासमी ने जुमे की नमाज अदा कराने के बाद कौम और मुल्क की तरक्की व मुल्क में अमनो अमान कायम रहने के लिए दुआ कराई। इस मौके पर शहर इमाम ने मुस्लिम समाज के लोगों से देश के सभी वर्गों के लोगों को ईद की खुशियों में शामिल करने की अपील की। उन्होंने मुस्लिम समाज से कहा कि एक दूसरे के साथ सिलारहमी करते हुए ईद का त्योहार मनाएं। उधर,नगीना में जामा मस्जिद समेत नगर की सभी मस्जिदों में हजारों लोगों ने अलविदा जुमे के नमाज अदा की। जामा मस्जिद में नमाज मुफ्ती अवैस अकरम ने अदा कराई। नमाज के बाद बाजारों में मुस्लिम समाज की लोगों ने जमकर खरीदारी की।
अलविदा जुमे पर मस्जिदों में उमड़ी भीड़
बिजनौर में अलविदा जुमे की नमाज पर मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी। नमाजियों ने देश में अमन व तरक्की की दुआ करते हुए नमाज अदा की। रात करीब आठ बजे चांद दिखने पर मुस्लिम मोहल्लों में आतिशबाजी की गई। शनिवार को ईद का त्योहार मनाया जाएगा। अलविदा जुमे पर मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व नमाजियों के लिए सुविधा के खास इंतजाम किए गए थे। मौलानाओं ने मस्जिदों में खिताब किया। स्टेशन वाली मस्जिद में मौलाना रियाजुद्दीन ने नमाजियों को खिताब करते हुए मौलाना ने कहा कि ईद की नमाज से पहले फितरा निकालना जरूरी है। कहा कि ईद की नमाज शांति से अदा करें। बच्चे व युवा किसी तरह का शोर न मचाएं। नमाज पढ़ने जाते समय तरावीह पढ़ें व एक दूसरे से बात न करें। ईद की नमाज पढ़ने के लिए एक रास्ते से जाना व दूसरे से लौटना बहुत बड़ा सवाब है। वहीं ईदगाह व मस्जिदों में नमाज की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पुलिस ने शांति व्यवस्था को फ्लैग मार्च निकाला
रेहड़ में ईद के त्यौहार से पहले रेहड़ पुलिस ने त्यौहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के उद्देश्य से थाना क्षेत्र के रेहड़, सादकपुर, भगतावाला, हसनपुर दहलवाला, उदयपुर आदि गांवों में फ्लैग मार्च निकाला। प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने ईदगाहों का निरीक्षण किया । उधर अफजलगढ़ में नगर की मसजिदों की साफ सफाई कर सजावट की गई । नमाज के दौरान नमाजियों ने देश में खुशहाली और अमन व शांति के लिए दुआ की। चांदपुर। ईद के मद्देनजर सीओ राजकुमार सिंह के नेतृत्व में कोतवाली निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बृहस्पतिवार की शाम पुलिस बल के साथ नगर में फ्लैग मार्च निकाला। नगर में गश्त के दौरान सीओ ने कहा कि ईद के त्योहार के मौके पर किसी ने खुराफात मचाने का प्रयास किया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। सीओ व कोतवाली निरीक्षक ने गश्त के दौरान संदिग्ध वाहन व संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की। सीओ ने आपसी भाईचारे से ईद का त्योहार मनाने की अपील की।
ईद पर बिजली संकट से मिली राहत
नजीबाबाद में नगर में तीसरे दिन भी बिजली संकट बना रहा। 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर नजीबाबाद पहुंचते ही उपसंस्थान पर ट्रांसफार्मर इंस्टॉल करने का काम शुरू कर दिया गया। विद्युत निगम अधिकारियों ने टेस्टिंग के बाद ट्रांसफार्मर से शनिवार को विद्युत आपूर्ति सुचारु करने का दावा किया। उधर, विद्युत आपूर्ति बाधित होने को लेकर राजो के चौराहे पर युवकों ने हंगामा किया।
132 केवी उपसंस्थान पर नगर की विद्युत आपूर्ति से जुड़ा 10 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने का काम शुुक्रवार को शुरू हो गया। तीन दिन पूर्व ट्रांसफार्मर फुंकने से नगर की विद्युत आपूर्ति प्रभावित है। एक्सईएन नरेश अरोड़ा, एसडीओ विकास कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को प्रात: 11 बजे ट्रांसफार्मर नजीबाबाद पहुंचने के बाद तत्काल उसे 132 केवी उपसंस्थान पर इंस्टॉल किया गया। सायं छह बजे ट्रांसफार्मर को टेस्टिंग पर लगाया गया। एसडीओ ने बताया कि टेस्टिंग ओके आने के बाद ट्रांसफार्मर को 12 घंटे के लिए अनलोड पर लगाया जाएगा। उसके बाद नगर की विद्युत आपूर्ति जोड़ दी जाएगी। उधर, ईद से तीन दिन पूर्व 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर फुंकने से रोजेदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी में जहां रोजेदार बिजली संकट से परेशान रहे वहीं शाम ढलते ही कई क्षेत्रों में तीन दिन से अंधेरा पसरा है। चांद रात से एक दिन पूर्व और चांद रात को बिजली संकट के बीच बाजारों में खरीदारी और ईद की तैयारी में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
किरतपुर में सीनियर सोशल हेल्थ केयर सोसाइटी द्वारा नगर के एक बैंक्वेट हॉल में कराए गए सामूहिक रोजा इफ्तार कार्यक्रम में सैकड़ों रोजेदारों को इफ्तार कराया गया। इस अवसर पर सीनियर सोशल हेल्थ केयर सोसाइटी के संरक्षक डॉक्टर एनएच मिर्जा, प्रमोद गोयल अध्यक्ष डॉक्टर एहसानुल करीम, सचिव कैप्टन मोहम्मद मजहर नामी, सुंदर गोयल आदि ने सोसायटी द्वारा किए जाने वाले सामाजिक क्रियाकलापों पर प्रकाश डाला।रोजा इफ्तार में मोहम्मद साइम राजा, प्रदुमभन चड्ढा, जेपी वार्ष्णेय, शेख विशाल, नवेद अहमद, सुजा उद्दीन सिद्दीकी, सुहेल अहमद, सर्वेश अग्रवाल, मुद्दससिर जमा खां आदि रहे़।
स्योहारा में अलविदा जुमे की नमाज जमा मस्जिद, शाही मस्जिद,एम् क्यू वाली मस्जिद, थाने वाली मस्जिद, जमाल शाही मस्जिद,लाल मस्जिद सहित नगर की दर्जनों मस्जिदों में शिद्दत के साथ अदा की गयी। साथ ही मुल्क और क़ौम की तरक्की के लिए दुआ की गयी ।इस मोके पर सभी मस्जिदों में नगर पालिका की तरफ से सफाई व्यवस्था दुरुस्त रही।उधर,नजीबाबाद में भागूवाला के गांव श्यामीवाला में शिया विद्वान ने रमजान की विदाई पर लोगों को पाक महीने की तरह अपनी जिंदगी इबादत, नेकी और इंसानियत के साथ गुजारने की सलाह दी। श्यामीवाला में अलविदा जुमे की नमाज के बाद शिया विद्वान हसन अब्बास ने कहा कि इस्लाम हमें सुकून और मोहब्बत का पैगाम देता है।