नजीबाबाद (बिजनौर)। एसडीएम नजीबाबाद ने वैष्णवी गो सेवा सदन पहुंचकर गोशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने नहर के किनारे जिंदगी मौत से जूझ रही गाय का इलाज कराया। एसडीएम ने गोशाला संचालकों से गोशाला संचालन से संबंधित कागजात भी तलब किए। उन्होंने राजस्वकर्मियों को तत्काल गोशाला की भूमि से संबंधित रिकॉर्ड खंगालने को कहा।
हिंदू युवा वाहिनी ने वैष्णवी गो सेवा सदन में रखे गए गोवंश की बदहाली का मामला उठाया था। गोवंश का भूख और बीमारी से बदहाल होने का समाचार अमर उजाला ने 23 जनवरी 2018 के अंक में प्रमुखता से छापा था। एसडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार सीके त्रिपाठी के साथ गोशाला पहुंचकर मामले की जानकारी की।
एसडीएम ने गोशाला के निकट नहर के पानी में पड़ी मरणासन्न गाय को अपने सामने सुरक्षित निकलवाकर पशु चिकित्साधिकारी की टीम बुलाकर उसका इलाज कराया। एसडीएम ने गोशाला के अन्य पशुओं का भी टीकाकरण कराकर पशु चिकित्साधिकारी और राजस्व कर्मचारियों को पशुओं पर लगातार निगाह रखने के निर्देश दिए। एसडीएम ने गोशाला संचालिका पूजा रावत और संचालक टीम सदस्यों को हड़काते हुए पशुओं के खान-पान और देखभाल के प्रति गंभीर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व कर्मचारियों को गोशाला स्थापना स्थल से संबंधित राजस्व रिकॉर्ड खंगालने तथा संचालकों से गोसेवा संचालन से संबंधित कागजात तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एसडीएम ने हिंदू युवा वाहिनी के कुलदीप चौहान, सचिन, आशीष से भी जानकारी की।