भानू प्रताप सिंह बना इंडियन नेवी में सब लेफ्टिनेंट
फोटो
बिजनौर। जिले के एक और लाल ने कमाल कर दिया है। गांव नवादा तुल्ला के भानू प्रताप सिंह इंडियन नेवी में सब लेफ्टीनेंट बन गए हैं। जल्दी ही भानू प्रताप सिंह कोच्चि में पोस्टिंग पर जाएंगे। भानू प्रताप सिंह के सब लेफ्टिनेंट बनने से परिजनों व गुरुजनों में खुशी की लहर है।
हिंदू इंटर कॉलेज में क्लर्क महीपाल सिंह के पुत्र भानू प्रताप सिंह ने 2012 में डीडीपीएस से इंटर करने के बाद एनडीए की तैयारी शुरू कर दी थी। उन्होंने इसके लिए कड़ी मेहनत की। पहले प्रयास में ही भानू प्रताप सिंह का चयन एनडीए में हो गया। इंडियन नेवल एकेडमी केरल में भानू प्रताप सिंह की ट्रेनिंग हुई। चार साल की ट्रेनिंग के बाद 27 मई को पासिंग आउट परेड के बाद भानू प्रताप सिंह इंडियन नेवी में सब लेफ्टिनेंट बन गए हैं। भानू प्रताप सिंह ने ट्रेनिंग के दौरान इंडियन नेवल एकेडमी की बास्केटबॉल टीम की कप्तानी भी की। उसकी कप्तानी में खेलते हुए टीम ने मिलेट्री एकेडमी को हराकर गोल्ड मेडल जीता। भानू प्रताप सिंह के अनुसार देश की सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं होती है। इस साल इंडियन नेवी में सब लेफ्टिनेंट बनने वाला भानू प्रताप सिंह जिले का इकलौता लड़का है। वह अपनी सफलता का श्रेय अपने ईश्वर, परिजनों व गुरुजनों को देता है। भानू प्रताप सिंह का छोटा भाई आशीष कुमार भी सीडीएस की लिखित परीक्षा पास कर चुका है। वह भी सेना में जाने की तैयारी कर रहा है।