हल्दौर (बिजनौर)। ग्राम पंचायत पैजनियां में ग्रामवासियों ने विकास कार्यों की जांच करने पहुंचे खादी ग्रामोद्योग अधिकारी का घेराव कर जमकर हंगामा किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव की जर्जर सीसी रोड़ को लेकर जांच अधिकारी से तीखी नोकझोंक भी की।
करीब दो माह पूर्व ग्राम पंचायत पैजनियां के निरंकार त्यागी उर्फ कलवा, हेमंत त्यागी, विपिन त्यागी उर्फ भस्सू, मोहित त्यागी, सुधांशु त्यागी, अमित शर्मा, ब्रजेश कुमार, सुमित त्यागी आदि ने ग्राम प्रधान ममता त्यागी पर गांव में कराए विकास कार्यों में धांधली और लीपापोती करने का आरोप लगाते जिलाधिकारी से शिकायत की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे खादी ग्रामोद्योग अधिकारी हरेंद्र सिंह चिकारा, आरइएएस कके जेई प्रेमचंद और ग्राम पंचायत सचिव जयवीर सिंह गांव पैजनियां में विकास कार्यों की जांच करने पहुंचे। कुछ व्यक्तियों ने मुरादाबाद--बिजनौर हाईवे से मुख्य बाजार तक बनी सीसी रोड़ की जर्जर हालत दिखाकर जांच अधिकारी का घेराव कर जमकर हंगामा किया। उन्होंने सीसी रोड़ में घटिया सामग्री लगाने का आरोप लगाया। इसके बाद ग्रामवासिओं ने अधिकारी को घटिया सामग्री से निर्मित कुछ शौचालयों, मनरेगा के अंतर्गत बनाई चकरोड, खेतों के समतलीकरण, भवन निर्माण आदि की दयनीय दशा दिखाई। कुछ व्यक्ति ग्राम प्रधान की ओर से गांव में कराये गए विकास कार्यों से असंतुष्ट है। मौजा मलपुरा के लोगों ने जांच करने पहुंचे अधिकारी से गांव में सफाई व्यवस्था ठीक न होने को लेकर तीखी नोकझोंक की। जांच अधिकारी ने आक्रोशित ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच करने का आश्वासन देकर शांत किया। ग्राम प्रधान ममता त्यागी ने गांव में उत्तम गुणवत्ता के साथ और निष्पक्ष विकास कार्य कराने की बात कही है। अधिकारी का कहना है कि जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित की जाएगी।