तीन दिन ठप रही अस्पताल की विद्युत आपूर्ति
बिजनौर। शासन ने जिला अस्पताल को 24 घंटे बिजली सप्लाई करने के आदेश दिए हैं, लेकिन अस्पताल में तीन दिन तक बिजली आपूर्ति ठप रही। जिसके बाद अस्पताल प्रशासन को जेनरेटर चलाकर बिजली आपूर्ति करनी पड़ी। वहीं जिला जजी में भी बारिश के कारण रविवार सुबह एक घंटे बिजली आपूर्ति बंद रही।
जिला अस्पताल में शुक्रवार शाम पावर ट्रांसफार्मर यूनिट में आंतरिक दिक्कत आने से बिजली चली गई थी। शुक्रवार से अस्पताल में बिजली गायब होने के कारण मरीजों को गर्मी से परेशानी झेलनी पड़ी। साथ ही आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित रहीं। अस्पताल प्रशासन ने जेनरेटर से बिजली सप्लाई की, लेकिन शिकायत के बाद भी विद्युत निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। तीसरे दिन व्यवस्था गड़बड़ाने के बाद निगम के अधिकारियों ने दूसरी विद्युत लाइन से अस्पताल को विद्युत आपूर्ति की। अस्पताल में मौजूद तीमारदार किरतपुर निवासी जमालुद्दीन, मंडावर निवासी शकील अहमद, कोतवाली देहात निवासी राजीव सिंह ने बताया कि बिजली नहीं आने से अस्पताल में भर्ती उनके मरीज गर्मी के कारण परेशान हो रहे हैं।
वहीं रविवार सुबह बारिश के पानी के कारण जिला जजी में विद्युत सप्लाई बंद हो गई। आनन-फानन विद्युत अधिकारियों ने एक घंटे में ही जजी की सप्लाई शुरू कराई। सीएमएस डॉ. राकेश दुबे ने बताया कि विद्युत निगम के अधिकारियों के कारण पिछले छह माह में कई बार ऐसी परेशानी आ चुकी है। वहीं, एसडीओ विवेक प्रताप ने बताया कि अस्पताल की पावर ट्रांसफार्मर यूनिट में आंतरिक परेशानी होने से सप्लाई बंद हो गई थी। रविवार को जजी में भी बारिश से विद्युत सप्लाई बाधित हो गई थी। दोनों स्थानों पर सप्लाई शुरू कर दी गई है।