हाईवे पर डाला गया रेत तत्काल हटाने निर्देश
भागूवाला (बिजनौर)
खनन पर प्रतिबंध ग्राम प्रधानों और राजस्व विभाग के लिए सिरदर्द बन गया है। सीडीओ की स्वीकृति के बाद शौचालय निर्माण के लिए भागूवाला हाईवे पर उतारा गया रेत को नायब तहसीलदार ने ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल हाईवे से हटाने के निर्देश दिए।
भागूवाला में 375 शौचालय का निर्माण काफी समय से खनन बंद होने के कारण रुका है। ग्राम प्रधान डॉ. अय्यूब के अनुरोध पर सीडीओ ने उत्तराखंड से शौचालय निर्माण के लिए रेत लाने की स्वीकृति दे दी। उत्तराखंड से लाया गया रेत 1600 क्विंटल रेत भागूवाला में हाईवे के निकट उतारा गया। बृृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार सीके त्रिपाठी ने राजस्व विभाग की टीम के साथ पहुंचकर ग्राम प्रधान को हाईवे के निकट से तत्काल रेत हटवाने के निर्देश दिए। नायब तहसीलदार ने शाम तक रेत न हटने पर ग्राम प्रधान और क्षेत्रीय ग्राम पंचायत सचिव पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
ग्राम प्रधान डॉ.अय्यूब का कहना है कि शौचालय निर्माण के लिए खनन सामग्री प्रशासन की अनुमति के बाद लाई गई है। उत्तराखंड से महंगी सामग्री भागूवाला पहुंचने के बाद सामग्री एकत्र करने के लिए पर्याप्त स्थान न होने के कारण हाईवे से कुछ फासले पर खनन सामग्री उतारी गई है। उन्होंने बताया कि तत्काल सामग्री को हटाने में काफी खर्च आएगा। जिससे निश्चित धनराशि में शौचालय निर्माण का काम पूरा हो पाना संभव नहीं होगा।