कोटा बहाली की मांग कर लौट रहे राशन डीलर के समर्थकों पर विपक्षियों ने किया हमला
हमले में राशन डीलर समेत एक युवती को आईं गंभीर चोटें, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
राशन की निलंबित चल रही दुकान की बहाली की मांग कर लौट रहे राशन डीलर और उसके समर्थकों को पर विपक्षियों ने कलक्ट्रेट के सामने हमला बोल दिया। दोनों पक्षों में जमकर जूते-चप्पलें चलीं। इसमें राशन डीलर समेत एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना से कलक्ट्रेट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसने घायल युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, राशन डीलर ने विपक्षियों के खिलाफ तहरीर दे दी है।
गांव रामपुर घना निवासी राबिक को राशन की दुकान आवंटित थी। धांधली के आरोप में जिला प्रशासन ने 10 जुलाई को राशन की दुकान को निलंबित करते हुए राशनकार्ड धारकों को रायपुर खुर्द से सम्बद्घ कर दिया था। कुछ ग्रामीण प्रशासन की इस कार्रवाई के खिलाफ राशन डीलर के समर्थन में, तो कुछ उसके विरोध में थे। बुधवार को राशन डीलर समर्थकों के साथ दुकान बहाली की मांग को लेकर जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल से मिलने कलक्ट्रेट गया था। डीएम के सामने अपना पक्ष करने के बाद जब राशन डीलर समर्थकों के साथ वापस गांव को लौट रहा था, तो कलक्ट्रेट गेट के बाहर खड़े विपक्षियों ने उन पर हमला बोल दिया। दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे और जूते-चप्पलें चलीं। चीख-पुकार से कलक्ट्रेट में खलबली मच गई। हमले में राशन डीलर और युवती समेत करीबा आधा दर्जन महिलाएं घायल हो गईं।
डीएम कक्ष के बाहर आधा घंटा बेहोश पड़ी रही युवती
हमले में राशन डीलर की चचेरी बहन सुभहानी चोट लगने से बेहोश हो गई। राशन डीलर के समर्थक घायल युवती को कलक्ट्रेट लेकर पहुंचे। डीएम कक्ष के बाहर जमीन पर युवती को लिटा दिया गया। बेहोशी की हालत में युवती करीब आधा घंटा जमीन पर पड़ी रही। राशन डीलर और उनके समर्थक हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कलक्ट्रेट में डटे रहे। प्रदर्शन किया। काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। सीओ सिटी जितेंद्र कुमार ने हंगामा कर रहे लोगों को समझा बुझा कर शांत किया और महिला पुलिस के साथ युवती को जिला अस्पताल भेज दिया। जहां हालत में सुधार बताया जा रहा है।
पीड़ित राशन डीलर ने छह के खिलाफ दी तहरीर
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को इलाज के लिए जिला अस्तपाल में भर्ती कराया। पुलिस की गाड़ी से युवती को जिला अस्पताल भेजा गया। इस मामले में राशन डीलर राबिक ने गांव के छह लोगों के खिलाफ घटना की तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। उधर, पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव रामपुर घना के लोग राशन डीलर के साथ राशन की दुकान की बहाली को लेकर कलक्ट्रेट आए थे। वहां से लौटते समय कलक्ट्रेट के बाहर विपक्ष के कुछ लोगों द्वारा मारपीट की घटना सामने आई है। इस दौरान एक युवती को चोट आई है, उसे जिला अस्पताल में भेज दिया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
जितेंद्र कुमार, सीओ सिटी।