कांवड़ यात्रा की सभी तैयारियां मंगलवार तक पूर्ण करने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा। डीएम नवनीत सिंह चहल की सावन कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अफसरों को दिशा निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने ने उपजिलाधिकारी/पुलिस क्षेत्राधिकारियों के निर्देश दिए हैं कि वे मंगलवार तक सभी तैयारियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए और कड़ाई से निपटा जाए।
उन्होंने कहा कि सभी उपजिलधिकारी/सीओ संयुक्त रूप से थानों में पीस कमेटी की मीटिंग कर लें। सभी जलाभिषेक वाले स्थानों का सीओ संयुक्त रूप से भ्रमण करें। जिस स्थान पर किसी प्रकार की समस्या है तो उस पर क्या कार्यवाही की है, उसकी रिपोर्ट कल तक प्रस्तुत करें। कहा कि जलाभिषेक स्थल पर महिला/पुरूष की अलग-अलग वैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे मार्गों पर लगने वाले भण्डारे/शिविरों पर भोजन आदि की निरंतर जांच कराते रहें। प्रत्येक थानें पर एक एम्बुलेंस की व्यवस्था की जाए ताकि आकस्मिक घटना होने पर तत्काल चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि मेडिकल ऑफिसर निरंतर उपजिलाधिकारियों के सम्पर्क में रहेंगे। इसके लिए चौदह 108 एम्बुलेंस 15 किमी के दायरे पर तैनात की गई है।
उन्होंने ने सभी नगर पालिकाओं तथा नगर पंचायतों को विशेष सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था , विद्युत व्यवस्था, दवाई व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर नियमित विद्युत हेतु अतिरिक्त बिजली की मोटर अवश्य वैकल्पिक रूप से रखी जानी चाहिए। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देश दिये कि वे मार्गों पर स्थापित हैंडपम्पों कों भ्रमण कर सुश्चित करें कि सभी हैंडपम्प ठीक से कार्य कर रहे हैं। ढीले और जर्जर तारों की मरम्मत किया जाए। कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले सभी मन्दिर पर प्रकाश, पानी आदि की उचित व्यवस्था की जाए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता पी0डब्ल्यू0डी0 को निर्देश दिए कि कांवड़ियों के आने वालों मार्गों की मरम्मत करा दी जाए। उन्होने कहा कि हाईवे पर अवैध रूप से खुले कट्स को बंद कर दिया जाए। आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया कि सड़क किनारे शराब की कोई दुकान नहीं खुलें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने कहा कि प्रत्येक जलाभिषेक स्थल/मेला स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था रहेगी। कहा कि भारी वाहनों का रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी क्षेत्राधिकारियों अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराएंगे।
साफ-सफाई दुरुस्त न मिलने पर जताई नाराजगी
नौगावां सादात। जिलाधिकरी नवनीत सिंह चहल ने सोमवार को नौगावां सादात थाना का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रिकार्ड चेक किए। फाइलों का रख रखाव देखा। लंबित मामलों का जल्द से जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान सफाई व्यवस्था दुरुस्त न मिलने पर नाराजगी जताई।