ग्रामीणों का लोनिवि के खिलाफ प्रदर्शन
अफजलगढ़। गांव भज्जावाला के ग्रामीणों ने अधूरे कार्य को पूरा कराने की मांग को लेकर बुधवार को गांव में लोनिवि के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। सीएम से शीघ्र मार्ग बनवाने की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस बदहाल मार्ग के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत करने के बाद भी कई सुनवाई करने को तैयार नहीं है। ग्रामीणों ने चुनाव के बहिष्कार करने को ऐलान किया है।
गांव भज्जावाला के ग्रामीणों ने लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के अनुसार अलियारपुर मार्ग खस्ताहाल है। मार्ग में गहरे गड्ढे है। जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीण हरिराज सिंह, ब्रह्मपाल सिंह, मुन्ने सिंह, रेशु, मनी चौहान, संजय, रवि कुमार, चंद्रपाल सिंह, बंटी कुमार, विजय मिस्त्री, सुभाष, अनुज, शुभम, राजपाल ने बताया कि मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। कई बार विधायक और सांसद से मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की गई। काम शुरू हुआ पर अभी तक मांग करने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। जिससे लोगों में गुस्सा है। लोगों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। उधर, लोनिवि के सहायक अभियंता राजीव गौतम का कहना है कि विभाग की ओर से मार्ग का निर्माण शुरू कर दिया गया था। पर ग्रामीणों ने मार्ग को सीसी बनवाने की मांग कर विरोध कर दिया। विभाग की ओर से जल्द समस्या का समाधान कराकर मार्ग निर्माण का कार्य पूरा कराने का प्रयास होगा।