बिजनौर। परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा सत्र 2019-20 का सोमवार से शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन ही स्कूलों में पुस्तकों का वितरण भी शुरू हो गया। बीएसए महेश चंद्र ने जिले के सभी शिक्षकों से छह से 14 वर्ष के बच्चों का स्कूलों में शत प्रतिशत नामांकन करने के निर्देश दिए हैं।
परिषदीय स्कूलों में 30 मार्च को परीक्षाफल घोषित किया गया था। एक अप्रैल से नए शिक्षा सत्र 2019-20 का शुभारंभ हुआ। सत्र के पहले दिन ही स्कूलों में पुस्तकें भी पहुंचनी शुरू हो गईं। ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल के खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने प्राथमिक विद्यालय जमालपुर पठानी में कक्षा एक, दो व तीन के छात्र-छात्राओं को नई पुस्तकें वितरित कर शिक्षा सत्र का शुभारंभ किया। बीईओ ने स्कूल के शिक्षकों को छह से 14 वर्ष की आयु के सभी बच्चों का नामांकन स्कूलों में करने के निर्देश दिए हैं। स्कूल की प्रधानाध्यापिका पूनम चौधरी ने बताया कि कक्षा एक, कक्षा दो और कक्षा तीन के छात्रों को पुस्तकें वितरित की गईं। इस मौके पर अनुदेशक शिक्षक संघ के संरक्षक देवेंद्र पाल सिंह, वरिष्ठ शिक्षक आदर्श कुमार गुप्ता, रीता देवी, चुन्नी लाल आदि मौजूद रहे। वहीं, बीईओ ने ब्लॉक के सभी प्रधानाध्यापकों से बच्चों को तुरंत पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जमालपुर पठानी स्थित बीआरसी से दिनभर शिक्षक पुस्तकों का उठान करते रहे। वहीं बीएसए महेश चंद्र ने शिक्षकों से ‘स्कूल चलो अभियान के तहत बच्चों के प्रवेश स्कूलों में करने को कहा है। ताकि कोई भी बच्चा स्कूलों में प्रवेश से वंचित न रहे।