अमर उजाला ब्यूरो
चांदपुर। विकास खंड जलीलपुर क्षेत्र में संचालित अमान्य विद्यालय और विद्यालयों में चल रही अमान्य कक्षाओं को बृहस्पतिवार को बंद करा दिया गया है। जिलाधिकारी ने ऐसे विद्यालयों पर कार्रवाई के लिए टीम का गठन किया था। टीम ने अमान्य विद्यालयों और कक्षाओं को बंद कराने के बाद लाल रंग के पेंट लिखवा दिया है कि यदि भविष्य में अमान्य स्कूल और कक्षाएं चलती पाई गई तो दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अमान्य विद्यालयों और विद्यालयों में चल रही अमान्य कक्षाओं को बंद कराने के लिए टीम का गठन किया है। विकास खंड जलीलपुर के लिए उपजिलाधिकारी चांदपुर, खंड विकास अधिकारी जलीलपुर, खंड शिक्षा अधिकारी जलीलपुर व प्रधानाचार्या राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लुहारपुरा को शामिल किया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी विश्वास कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को टीम ने विकास खंड जलीलपुर में संचालित अमान्य विद्यालय आदर्श किसान प्राथमिक विद्यालय फैजीपुर, इंडियन पब्लिक स्कूल हरिनगर, वासु शिक्षण संस्थान मनौटा, किसान पब्लिक स्कूल मनौटा, रघुवीर सिंह सैनी जूनियर हाईस्कूल शाहपुर भसौड़ी, मार्डन पब्लिक स्कूल शाहपुर भसौड़ी, दीशू परमार्थ जूनियर हाईस्कूल मुढ़ाल को बंद कराया गया है। बाल विकास जूनियर हाईस्कूल रामानंद जूनियर हाईस्कूल जलीलपुर, पब्लिक जूनियर हाईस्कूल गन्धौर में मान्यता के विपरित संचालित की जा रही कक्षा नौ व दस की कक्षाएं बंद कराई गई हैं।