एसओ समेत पूरा स्टाफ मिला थाने से गायब
- एसपी ने दिए एसपी सिटी को प्रारंभिक जांच के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर।
एसपी प्रभाकर चौधरी बुधवार की देर रात मंडावली थाने में जा धमके । एसपी को थाने में केवल एक पुलिसकर्मी ही मिला। एसओ समेत बाकी सब स्टाफ गायब था। एसपी ने एसओ से स्पष्टीकरण मांगा तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। एसपी ने एसपी सिटी दिनेश सिंह को एसओ मंडावली समेत गायब पूरे स्टाफ के खिलाफ प्रारंभिक जांच के निर्देश दिए हैं।
एसपी प्रभाकर चौधरी बुधवार की रात करीब 12 बजे अचानक मंडावली थाने पहुंच गए। उन्हें एसओ एसपी सिंह समेत थाने का सब स्टाफ नदारद मिला। केवल एक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर पाया गया। रात में ड्यूटी पर तैनात दरोगा रामवीार सिंह भी ड्यूटी पर नहीं मिले। एसपी ने एसओ समेत गायब पूरे स्टाफ के बारे में जानकारी मांगी तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। एसओ भी अपना स्पष्टीकरण ठीक नहीं दे पाए। एसपी के थाने में आने का पता चलते ही नदारद पुलिस वालों में खलबली मच गई। ये अपनी जान बचाने के लिए बहाना ढूंढने लगे पर कोई बहाना उनका नहीं चला है। एसपी ने एसओ समेत थाने के गायब स्टाफ पर नाराजगी जताई। एसपी के मुताबिक जांच के बाद दोषी पाए गए पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।