हिंसक कुत्तों ने वृद्ध किसान को नोचकर मार डाला
गजरौलाशिव। हिंसक कुत्तों ने भूस की रखवाली कर रहे एक वृद्ध किसान को नोचकर मार डाला। गांव वालों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
कोतवाली शहर के गांव मुकीमपुर धर्मसी के बाहर की ओर गांव वाले मृत पशु डालते हैं। आसपास के मुर्गी फार्म की मरी हुईं मुर्गियां भी यहीं डाली जाती हैं। गांव वाले इस जगह को हड़वार कहते हैं। यहां डाले जाने वाले पशुओं के शव कुत्ते खाते हैं। गांव के ही 75 वर्षीय किसान राधेश्याम हड़वार के पास अपने खेत पर भूसे की रखवाली कर रहे थे। देर शाम तक जब राधेश्याम घर नहीं लौटे तो परिजन गांव वालों के साथ उनकी तलाश के लिए निकले। उन्होंने खेत पर जाकर देखा तो राधेश्याम लहूलुहान हालत में खेत पर में पड़े थे। उन पर कुत्तों ने हमला बोल रखा था। गांववालों ने कुत्तों को भगाया। गंभीर घायल राधेश्याम की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मौके पर भीड़ जमा हो गई। गांव वालों का कहना था कि हड़वार के पास रहने वाले कुत्ते मांसखोर हो गए हैं। वे पहले भी कुछ गांव वालों पर हमला कर घायल कर चुके हैं। मांस की तलब में ही उन्होंने वृद्ध राधेश्याम पर हमला किया है। गांव वालों के मुताबिक कुत्तों ने राधेश्याम के कान सहित कुछ हिस्सा खा भी लिया है। घटना से गांव वालों में कुत्तों से भय है।