ट्रैक्टर के नीचे दबकर युवक की मौत
बिजनौर/गजरौला शिव। ट्रैक्टर के पड़े से टकराने से ट्रैक्टर चालक की पहिये के नीचे दबकर मौत हो गई।
कोतवाली शहर क्षेत्र के ग्राम नया गांव निवासी राजेश कुमार (30) अपने गांव के ही अमित के यहां पर मजदूरी पर गया था। रविवार को वह अमित का ट्रैक्टर लेकर गांव झलरी की ओर स्थित उसके खेतों पर जा रहा था। जैसे ही वह गांव झलरा के रेलवे फाटक के पार पहुंचा तो ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर अचानक सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गया। तेजी से झटका लगने पर राजेश नीचे गिरा और ट्रैक्टर के पहिये से दबकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह देखकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों की भीड़ लग गई। राहगीरों ने उसे बामुश्किल ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर परिजनों को इसकी सूचना दी। राजेश अपने पीछे अपनी पत्नी, एक पुत्र, एक पुत्री और माता-पिता समेत अन्य परिजनों को रोता बिलखता छोड़ गया। परिजनों के अनुसार राजेश की चार वर्ष पूर्व शादी हुई थी। वर्तमान में उसके करीब दो साल का एक पुत्र और एक साल की एक पुत्री है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सात मई को आनी है बहन की बारात
परिजनों ने बताया कि राजेश के चार बहन और छोटा भाई है। सात मई को उसकी बहन की बारात आनी है। सारे परिजन बहन की शादी की तैयारियों में मशगूल थे, लेकिन इस हादसे के बाद से शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गई।