‘स्कूल के ऊपर से तत्काल हटाएं विद्युत लाइन’
बिजनौर। भाजपा विधायक सुचि मौसम चौधरी ने ब्लाक हल्दौर के उच्च प्राथमिक, प्राथमिक विद्यालय तुल्ला का नवादा पहुंच कर बच्चों को यूनिफॉर्म, पुस्तकें और बैग वितरित किए। उन्होंने शिक्षकों को साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को तत्काल हटाने के विद्युत निगम अधिकारियों को निर्देश दिए।
भाजपा विधायक मंगलवार को गांव तुल्ला का नवादा पहुंची। उन्होंने प्रतिदिन स्कूल आने वाले छात्र-छात्राओं को अपनी ओर से टाई और बेल्ट देने को कहा। छात्रों से मन लगा कर पढ़ाई करने को कहा। विधायक ने मिड डे मील की व्यवस्था भी देखी। शौचालय के पास घास होने पर विधायक ने नाराजगी जताई और प्रधानाध्यापक को साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। स्कूल के ऊपर से बिजली के तार जाने पर भी विधायक ने नाराजगी जताई। विधायक सुचि मौसम चौधरी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर बिजली के तार स्कूल के ऊपर से हटाने के निर्देश दिए। इस मौके पर विधायक ने कई अभिभावकों को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में संकुल प्रभारी चंचल कुमार और ग्राम प्रधान भी मौजूद रहे।