सूखास्रोत से आगे पहाड़ों पर लगी आग
कालागढ़। कार्बेट नेशनल पार्क की कालागढ़ रेंज के सूखास्रोत के आगे पहाड़ों पर लगी आग में वन संपदा धू धू कर जल रही है। उप प्रभागीय वनाधिकारी आरके तिवारी के अनुसार आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
कार्बेट नेशनल पार्क की कालागढ़ रेंज के अंतर्गत केंद्रीय कॉलोनी के पीछे सूखास्रोत के आगे के वन और पहाड़ियों में आग लग गई। वन संपदा पूरी रात और मंगलवार की सुबह तक धू धू कर जलती रही। आग ने विकराल रूप धारण कर वन क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। उधर, दिन में कुछ बारिश होने से वन विभाग ने राहत की सांस ली। कालागढ़ के उप प्रभागीय वनाधिकारी आरके तिवारी का कहना है कि आग की सूचना मिलते ही मौके पर गश्ती दल, रेंज अधिकारी आरके भट्ट और वह स्वयं पहुंचे। आग को नियंत्रित करने के लिए विभागीय प्रणाली प्रयोग की गई। दोपहर तक आग पर काबू पा लिया गया। वन संपदा के आग में जल जाने से बड़े और हिंसक जीव आग से प्रभावित क्षेत्र से दूर चले जाते हैं। क्योंकि वहां पीने के लिए पानी और चारे की कमी हो जाती है। ऐसे में इन जीवों के आबादी क्षेत्र में आने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने गश्ती दलों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।