एनआरएमयू का क्रमिक अनशन शुरू
नजीबाबाद। नॉर्दन रेलवे मेंस यूनियन ने मांगों के समर्थन में रेलवे स्टेशन पर 72 घंटे का क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने नई पेंशन स्कीम खत्म कर पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल करने की मांग की।
ऑल इंडिया रेलवे फेडरेशन के आह्वान पर नॉर्दन रेलवे मेंस यूनियन कार्यकर्ताओं ने तीन सूत्रीय मांगों के समर्थन में रेलवे स्टेशन पर 72 घंटे का क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। फखरुद्दीन की अध्यक्षता में आयोजित धरना सभा में यूनियन के शाखा सचिव विक्रांत ने कहा कि रेलकर्मी सरकार की दमनकारी नीतियों के शिकार हो रहे हैं। कई बार आवाज उठाने के बावजूद रेल मंत्रालय रेल कर्मचारियों की लंबित मांगों की अनदेखी कर रहा है। शाखा सचिव विक्रांत ने नई पेंशन स्कीम को खत्म कर पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल करने की मांग दोहराई।
सरकार और रेल मंत्रालय के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारी रेल कर्मचारियों ने न्यूनतम वेतन एवं किट मेट फार्मूले में दिए गए आश्वासन के अनुरूप तत्काल सुधार करने, रेलों के निजीकरण एवं निगमीकरण की नीति पर रोक लगाने की मांग की। इस दौरान विनोद कुमार, रवि शर्मा, राकेश मीणा, कुलदीप, रविंद्र कुमार, संजीव, सचिन, छत्रपाल, केवल सिंह, किशनपाल, सुनील, गफ्फार, अंकुर, राहुल आदि मौजूद रहे।