उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा 15 को आएंगे बिजनौर
बिजनौर। उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा 15 अप्रैल को बिजनौर में अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के कार्यक्रम में हिस्सा लेने आएंगे। वे काकरान वाटिका में महासभा के मंडलीय बुद्धिजीवी सम्मेलन में शामिल होंगे।
राम बाग कॉलोनी में नीरज शर्मा के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में महासभा के मंडलीय अध्यक्ष आचार्य राजेश शर्मा ने कहा कि संगठन की स्थापना 1939 में पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। इस बार मंडलीय कार्यक्रम बिजनौर में रखा गया है। उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने उनके बुलावे को स्वीकार कर लिया है। 10 अप्रैल को आरक्षण के विरोध में किसी ब्राह्मण संगठन द्वारा ज्ञापन न दिए जाने पर उन्होंने कहा कि ब्राह्मण सामाजिक समरसता की बात कर समाज को जोड़ने का काम करता है। एवीआई क्लासेज के डायरेक्टर योगेश शर्मा ने कहा कि उपमुख्यमंत्री के सामने शिक्षा में और सुधार लाने का प्रस्ताव रखा जाएगा। इसमें मुख्यत: माध्यमिक स्कूलों की शिक्षा की गुणवत्ता और प्राइवेट स्कूलों की फीस से जुड़े मामले होंगे। जिलाध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम में पूरे मंडल के सदस्य शामिल होंगे। प्रेस वार्ता में राजेंद्र गौतम, गणेश ठाकुर, डॉ. सत्येंद्र शर्मा अंगिरस, महिला जिलाध्यक्ष सविता शर्मा आदि मौजूद रहे।