कोठरी में शराब पकाते वक्त विस्फोट, चार ग्रामीण झुलसे
ढबारसी (अमरोहा)।
गांव के बाहर बनी कोठरी में रात शराब तोड़ते वक्त अचानक विस्फोट हो गया जिसमें चार ग्रामीण बुरी तरह झुलस गए। तेज धमाके व कोठरी से आग उठती देख दौड़े ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर चारों को बाहर निकाला। पता चलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामला की जांच पड़ताल में जुट गई है और वारदात को दूसरे बिंदु से जोड़कर देख रही है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव बड़ा माजरा के बाहर एक मैंथा फैक्ट्री है। जानकारी के मुताबिक कोठरी को बंद कर गांव के ही रामपाल, पृथी, ऋषिपाल व राजपाल शराब तोड़ने का काम कर रहे थे। रात करीब आठ बजे अचानक कोठरी में जोरदार धमाका हुआ और आग निकलने लगी। चारों युवक बुरी तरह झुलसकर चीखने चिल्लाने लगे। शोर सुनते ही ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। झुलसते ग्रामीणों को दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीणों की मानें तो सिलेंडर में आग लगने के बाद ही यह धमाका हुआ है। पुलिस भी जांच में लग गई है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक आदमपुर अजीत रोरिया ने बताया कि सूचना मिली है। मौका मुआयना किया जा रहा है। ग्रामीण कोठरी में मीट पकाने की बात बताई जा रही है। बहरहाल जांच के बाद ही कुछ कहा जाएगा।