जीएसटी लागू होने पर ही सही रिजल्ट सामने आएंगे, सोना, कपड़ा, गाड़ी खरीदना हो सकता है महंगा
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
भले ही एक जुलाई से जीएसटी कर प्रणाली लागू की जाए, लेकिन जीएसटी के बारे में व्यापारी से लेकर लोगों में सही जानकारी का अभाव है। संशय की स्थिति बनी हुई है। वस्तु एवं सेवा कर लागू होने पर कपड़ा, सोना, दवाईयां, बाइक, कार के व्यापार पर असर पड़ेगा। व्यापारियों पर अतिरिक्त टैक्स की मार पड़ेगी। साथ ही टैक्स को लेकर व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ जाएगी। कागजी कार्रवाई बढ़ जाएगी। वहीं वस्तुओं की खरीदारी पर भी इसका असर पड़ सकता है। कुछ वस्तुएं महंगी होंगी तो कुछ सस्ती हो जाएंगी। पचास हजार की खरीदारी करने वालों की मुश्किलें भी बढ़ जाएंगी।
शुक्रवार की आधी रात से टैक्स की पुरानी व्यवस्था बदल जाएगी। नई टैक्स प्रणाली जीएसटी लागू हो जाएगी। जीएसटी में 5, 12, 18, 23 फीसदी की चार दरें होंगी। जबकि अनाज, आटा, दाल, दूध जैसी, आम उपभोग की ज्यादातर चीजें कर मुक्त होंगी। लेकिन कार, साड़ियां, दवाई आदि महंगी हो सकती हैं। वहीं बीस लाख से अधिक का कारोबार करने वाले लोग ही जीएसटी के दायरे में आएंगे। खरीदारी करने पर इसकी लिमिट का ध्यान रखना पड़ेगा। खरीदारी का मीटर जैसे ही पचास हजार को पार करेगा दुकानदार आपसे आपकी पूरी डिटेल पूछेगा।
सराफा करोबार पर पड़ेगा जीएसटी का असर
अमरोहा। सराफा एसोसिएशन के संरक्षक नारायण दास अग्रवाल ने बताया कि एक जुलाई से जीएसटी कर प्रणाली लागू होने से सोने पर तीन प्रतिशत टैक्स बढ़ जाएगा। जो अब तक एक प्रतिशत टैक्स देना होता था। इससे सोने की खरीदारी पर असर पड़ेगा। कारोबार आधा रह जाएगा। साथ ही कागजी कार्रवाई अधिक बढ़ जाएगी। पहले साल भर में चार नक्शे भरने होते थे, अब 37 नक्शे भरने पड़ेंगे। जीएसटी व्यापारियों के हित में नहीं है। इसमें संशोधन होना चाहिए।
दवाएं भी महंगी हो जाएंगी
अमरोहा। दवा व्रिकेता दानिश चौधरी ने बताया कि जीएसटी लागू होने से दवाइयां महंगी हो जाएंगी। इससे जहां आम आदमी पर असर पड़ेगा, वहीं दवा का कारोबार करने वाले लोगों पर भी असर पड़ेगा। जीएसटी का लागू होना फायदे का सौदा नहीं है।
जीएसटी लागू होने से व्यापारियों की परेशानियां बढ़ जाएंगी
अमरोहा। व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान के जिला अध्यक्ष मनोज टंडन ने बताया कि जीएसटी के लागू होने से कपड़ा कारोबार पर असर पड़ेगा। इस पर पांच प्रतिशत टैक्स पड़ेगा। जबकि अभी तक कोई टैक्स नहीं था। साथ ही व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। कागजी कार्रवाई से गुजरना पड़ेगा। हालांकि जीएसटी को लेकर भी तक सही जानकारी किसी को नहीं है। सरकार से मांग की जाती है कि जीएसटी के संबंध में अधिक से अधिक प्रचार प्रसार किया जाए, जिससे लोगों को सही जानकारी मिली सके।
जीएसटी के संबंध में सही जानकारी देे सरकार
अमरोहा। ग्रहणी सुप्रिया का कहना है जीएसटी के संबंध में अभी तक किसी को भी सही जानकारी नहीं है, इसके लागू होने से कौन-कौन सी वस्तुएं महंगी होंगी, क्या सस्ता होगा। अभी तक संशय की स्थिति बनी हुई है। व्यापारी से लेकर नेता, आमजन अंजान है। जीएसटी लागू होना देेश हित में या नहीं ये अभी तय करना मुश्किल है।
मध्यम वर्ग को राहत मिलेेगी
अमरोहा। पार्थ होटल स्वामी संदीप अग्रवाल का कहना है जीएसटी लागू होने से होटल व्यवसाय पर अधिक असर नहीं पड़ेगा। मध्यम वर्ग को राहत मिलेगी। उच्च वर्ग के लिए अधिक टैक्स देना होगा। हालांकि जीएसटी लागू होना सभी के लिए अच्छा है। जीएसटी के बारे में लोगों में सही जानकारी का अभाव है।
ऑटो मोबाइल क्षेत्र के बारे में अभी कुछ नहीं का जा सकता
अमरोहा। होंडा एजेंसी स्वामी मोहित चौधरी का कहना है कि जीएसटी कर प्रणाली को लेकर सही जानकारी नहीं है, इसके लागू होने से आटो मोबाइल के क्षेत्र पर क्या असर पड़ेगा, इसके बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। हो सकता है जीएसटी लागू होने से आटो मोबाइल के क्षेत्र में अच्छा असर पड़ेगा। फिलहाल क्या महंगा होगा, क्या सस्ता होगा, इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता।